
हाथरस 11 अप्रैल । मंदिर श्री गोविन्द भगवान प्रबन्ध समिति के तत्वावधान में वार्ष्णेय कुल भूषण श्री अक्रूर जी महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। शनिवार को जयंती के पावन पर्व पर प्रातः काल मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर से एक भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नयागंज स्थित श्री अक्रूर जी महाराज की प्रतिमा पर पहुँची। यहाँ समिति के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सामूहिक आरती की। प्रभात फेरी के दौरान पूरा वातावरण श्री अक्रूर जी महाराज के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्तिभाव ने माहौल को पूरी तरह धर्ममय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में नयागंज पर भी व्यापक स्तर पर प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान मंदिर कमेटी के अनेक पदाधिकारी, सदस्यगण और भारी संख्या में वार्ष्णेय बंधु उपस्थित रहे।























