Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अप्रैल । जनपद के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या के मामले में हाथरस पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपियों के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। 24 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद पुलिस ने अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार की शाम थाना सहपऊ क्षेत्र के पियूरा बम्बा के पास हुई मुठभेड़ में हत्यारोपी आकाश और ललित पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

इससे पूर्व, शुक्रवार सुबह भी पुलिस मुठभेड़ में दो अन्य आरोपी रुद्र पाठक और वंश दीक्षित घायल हुए थे, जबकि कार्तिक और छोटू उर्फ निशाद को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित पांच टीमों ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वेदप्रकाश का मकान हड़पने की नियत से 6 अप्रैल की रात उनकी हत्या कर दी थी। मृतक की बहन नीतू शर्मा ने थाना हाथरस गेट पर इस संबंध में नामजद तहरीर दी थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपियों पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्त आकाश का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई को एसओजी प्रभारी धीरज गौतम और थाना प्रभारी सहपऊ मयंक चौधरी की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य कड़ियों की तलाश कर रही है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page