Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 10 अप्रैल । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला आम में गृहक्लेश के चलते एक विवाहिता द्वारा विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कासगंज जनपद के गांव कसेरी निवासी थान सिंह की पुत्री रेखा की शादी वर्ष 2015 में नगला आम निवासी सुनील के साथ हुई थी। सुनील वर्तमान में सूरत की एक कपड़ा फैक्ट्री में कार्यरत है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार 9 अप्रैल को रेखा देवी का अपने पति सुनील से फोन पर किसी बात को लेकर तीखा वाद-विवाद हुआ था। पति से हुई इस कहासुनी से क्षुब्ध होकर रेखा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर रात मृतका के मायके पक्ष के लोग भी ससुराल पहुँच गए। मृतका अपने पीछे दो छोटे बेटों को रोता-बिलखता छोड़ गई है। शव के गांव पहुँचते ही परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। मृतका के बेटों और परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। शोक के चलते गांव में कई घरों के चूल्हे तक नहीं जल सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page