Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अप्रैल । देश की सेवा में समर्पित सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) अजय कुमार का आज शुक्रवार को उनके पैतृक शहर हाथरस में पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 56 वर्षीय अजय कुमार जम्मू-कश्मीर में बीएसएफ की 134वीं बटालियन में तैनात थे। मंगलवार को वह अपनी बटालियन के साथ पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी के लिए ट्रेन द्वारा कोलकाता रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान गुरुवार को ट्रेन में उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। साथ चल रहे जवानों ने उन्हें झारखंड के हजारीबाग जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शुक्रवार को जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर शहर के मोहल्ला ओडपुरा स्थित उनके आवास पर पहुँचा, समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इसके उपरांत उनके पार्थिव शरीर को पत्थर वाली श्मशान गृह ले जाया गया, जहाँ बीएसएफ और स्थानीय पुलिस की टुकड़ी ने ‘शोक शस्त्र’ की रस्म अदा कर उन्हें अंतिम सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी। अजय कुमार अपने पीछे तीन विवाहित संतानों (दो बेटियां और एक बेटा) का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अंतिम विदाई के दौरान भारी संख्या में उमड़े जनसमूह ने भारत माता के जयकारों और नम आंखों के साथ अपने वीर सपूत को विदाई दी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी दिवंगत जवान को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page