
सादाबाद 10 अप्रैल । आज दोपहर क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवक घायल हो गए। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया है। पहली दुर्घटना हाथरस रोड पर अग्रवाल कोल्ड स्टोर के सामने दोपहर हुई। बताया गया कि अचानक एक बाइक के सामने दूसरी बाइक आ जाने से संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर फिसल गई। इस हादसे में नवीपुर, हाथरस निवासी रामस्वरूप और विशाल पुत्र रामस्वरूप घायल हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। वहीं, दूसरी दुर्घटना मुरसान मार्ग पर एक ईंट भट्टे के सामने हुई। यहां आमने-सामने से दो बाइकों की भिड़ंत में सलेमपुर निवासी धीरज पुत्र राकेश उपाध्याय गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में उसके सिर, मुंह, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। सीएचसी में चिकित्सकों ने तीनों घायलों का उपचार किया। प्राथमिक जांच के बाद धीरज की हालत नाजुक देखते हुए उसे आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


























