
हाथरस 10 अप्रैल । जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति एवं पंचायतीराज विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कड़ा रुख अपनाते हुए लापरवाह अधिकारियों को चेतावनी दी है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और ओडीएफ प्लस की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में खुले में शौच से मुक्त (ODF) की स्थिति को स्थायी रूप से बरकरार रखा जाए। उन्होंने एडीओ पंचायत को अनिवार्य रूप से तैनाती स्थल पर रहने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि जिन अधिकारियों का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया है, उनका वेतन अगले आदेशों तक रोक दिया जाए। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में खराब पड़े कूड़ा कलेक्शन ई-रिक्शों को तत्काल सही कराने और पंचायत भवनों में सीसीटीवी व बाउंड्रीवाल लगाने की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध डंपिंग पर प्रभावी रोक लगाई जाए और कूड़ा संग्रहण इकाइयों का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो। उन्होंने री-बोर कराए गए हैंडपंपों की सूची मांगते हुए उनकी गुणवत्ता की जांच कराने के आदेश दिए। वहीं, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय ने सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई और पात्र लाभार्थियों को आवास सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने अंत में सख्त हिदायत दी कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मानकों की अनदेखी पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO), डीपीआरओ (DPRO) सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


























