
हाथरस 10 अप्रैल । हमारे हाथरस में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और इसे सच कर दिखाया है हाथरस जिले के गाँव चंदपा निवासी सैंकी शर्मा उर्फ़ लोकेश शर्मा ने। उन्होंने बीते पांच अप्रैल को मुंबई में हुए स्क्रीन अवार्ड में मंच पर हैरतअंगेज व रोमांचक एक्शन स्टंट किये। इस प्रसिद्द अवार्ड शो की होस्ट जानी-मानी अभिनेत्री आलिया भट्ट व सुनील ग्रोवर थे। इस दौरान फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं। बॉलीवुड फिल्मों में लंबे समय तक बतौर बॉडी डबल काम करने वाले सैंकी फिल्म ‘द एरा ऑफ 1990’ में भी अभिनय कर चुके हैं। इस फिल्म में उन्होंने अर्जुन के दोस्त और सेकेंड हीरो की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिल्म की शूटिंग लंदन और मास्को जैसे अंतरराष्ट्रीय लोकेशंस पर हुई थी।
हाथरस से सटे गाँव चंदपा निवासी प्रशांत शर्मा के होनहार पुत्र सैंकी ने दयालबाग शिक्षण संस्थान आगरा से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। पढ़ाई के बाद उन्होंने मुंबई का रुख किया और अब तक 12 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। वह दक्षिण भारतीय सुपरस्टार नागार्जुन की फिल्म ‘घोस्ट’ में एक्शन निर्देशक रह चुके हैं और जूनियर एनटीआर, धनुष व पवन कल्याण जैसे बड़े सितारों के साथ भी काम कर चुके हैं। सैंकी की इस सफलता पर उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। पूर्व प्रधान सुकांत शर्मा ने कहा कि सैंकी ने बॉलीवुड में अपनी जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। सैंकी शर्मा के पिता प्रशांत शर्मा ने बताया कि सैंकी को बचपन से ही अभिनय का शौक था। मुंबई जाने से पहले सैंकी शर्मा का चयन लोको पायलट के लिए हुआ था। तब भी उन्होंने अपना करियर बॉलीवुड में बनाया।



























