
हाथरस 10 अप्रैल । प्रॉपर्टी डीलर वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या के मामले में हाथरस पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। आज शक्ति वन के पास हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या में शामिल दो इनामी बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने घटना में शामिल चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में एसओजी और कोतवाली नगर पुलिस की टीमें चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि हत्या के आरोपी अलीगढ़ की ओर से सासनी आ रहे हैं। पुलिस ने जब उन्हें हनुमान चौकी के पास रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने मोटरसाइकिल शक्ति वन की ओर भगा दी और पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें रूद्ध पाठक और वंश दीक्षित के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए।
मकान हड़पने की नियत से की गई थी हत्या
आपको बता दें कि बीते 6 अप्रैल की रात प्रॉपर्टी डीलर वेदप्रकाश शर्मा की उनके ही घर में हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में उनकी बहन नीतू शर्मा ने थाना हाथरस गेट पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने मकान हड़पने की नियत से उनके भाई की हत्या की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में एक आरोपी शुभम उर्फ माइटी को 9 अप्रैल को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो तमंचे (315 बोर), चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए अभियुक्त रूद्ध पाठक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिस पर पहले से ही कोतवाली नगर और हाथरस गेट थाने में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सफलतापूर्वक मुठभेड़ को अंजाम देने वाली टीम में एसओजी प्रभारी धीरज गौतम और कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह राघव मय टीम शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना की है। फिलहाल घायल बदमाशों का उपचार कराया जा रहा है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्यवाही में जुटी है।


























