
हाथरस 10 अप्रैल । जायंट्स ग्रुप ऑफ़ हाथरस पहल द्वारा ग्राम भोजपुरा स्थित सरकारी विद्यालय में एक दिवसीय जागरूकता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। संस्था की अध्यक्ष नीति बर्मन एवं डीओए ज्योति अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत एक जागरूकता रैली निकालकर की गई, जिसके माध्यम से ग्रामीणों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
संस्था द्वारा बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु उपयोगी शिक्षण सामग्री का वितरण भी किया गया। इसमें स्कूल बैग, पेंसिल बॉक्स, लंच बॉक्स, कलर बॉक्स, पेन, स्केल और कलर बुक जैसी सामग्री शामिल रही, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इसके अतिरिक्त विद्यालय में एक सामान्य ज्ञान (क्विज) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। संस्था की अध्यक्ष नीति बर्मन ने कहा कि उनकी संस्था बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेगी। इस अवसर पर तृप्ता बंसल, सीमा गोयल, सरिता, अंजू अग्रवाल, दीक्षा, संगीता, दीपा, वंदना और मनीषा सहित संस्था की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।


























