Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अप्रैल । समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाह एवं वरिष्ठ नेता रामनारायण काके के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने जनपद की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सपाइयों ने हाल ही में हुई आंधी और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई किसानों की फसलों के लिए यथाशीघ्र मुआवजे की मांग की। कार्यकर्ताओं ने शहर में गहराए गैस संकट पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं और कई एजेंसी संचालक शटर गिराकर कार्य कर रहे हैं, जिससे जनता परेशान है। उन्होंने वितरण व्यवस्था को तत्काल सुचारू करने की मांग की। साथ ही, जिला बागला अस्पताल और महिला अस्पताल में दवा वितरण खिड़की पर कर्मचारियों की कमी के कारण मरीजों को होने वाली असुविधा और बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। सपा प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि तहसील सदर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था ध्वस्त है और कूड़ा न उठने से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। विशेष रूप से नगला नई स्थित भूतेश्वर रोड पर जलभराव और गंदगी के साम्राज्य के कारण मार्ग अवरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन द्वारा आवंटित धनराशि के बावजूद मार्ग निर्माण और सीवर लाइन का कार्य रुका पड़ा है। इसके अलावा, कार्यकर्ताओं ने शहर के पत्रकार श्री वेद प्रकाश शर्मा के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की। ज्ञापन देने वालों में डॉ. राधेश्याम रजक, हेमंत गॉड, अजय सिकरवार, मदन मोहन शर्मा, मोहित कश्यप एडवोकेट सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page