
हाथरस 10 अप्रैल । असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शहर कांग्रेस कमेटी हाथरस ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए असम के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। शहर अध्यक्ष योगेश कुमार ओके के नेतृत्व में शहर कार्यालय के निकट परसट्टा बाजार तिराहे पर एकत्रित हुए कांग्रेसियों ने हिमंत विश्व शर्मा और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके कृत्य को ‘क्षीण सोच’ का परिचायक बताया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान शहर अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा देश के प्रतिष्ठित दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति इस्तेमाल की गई भाषा उनकी और भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ लगातार की जा रही अभद्र टिप्पणियां लोकतंत्र की मर्यादा के विरुद्ध हैं और कांग्रेस पार्टी ऐसी सोच की कड़े शब्दों में निंदा करती है। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता अवधेश बख्शी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और इसे राजनीतिक सुचिता का हनन बताया।
पुतला दहन कार्यक्रम में मुख्य रूप से शहर उपाध्यक्ष भूपेन्द्र शर्मा, डॉ. प्रमोद कुमार, प्रदीप तेनुगुरिया, महासचिव योगेश बाबू, विनोद कुमार शर्मा, प्रवक्ता हबीब मलिक और सचिव राजकुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को अपनी भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए, अन्यथा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर इसी प्रकार अपना विरोध दर्ज कराते रहेंगे।


























