
हाथरस 10 अप्रैल । घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों और मांग के मद्देनजर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में गैस एजेंसी संचालकों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ता घबराहट या आशंका में आकर अनावश्यक बुकिंग न करें। उन्होंने बताया कि शादी-विवाह के आयोजनों के लिए व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग को व्यवस्थित करने के लिए अब ‘गूगल शीट’ का सहारा लिया जाएगा। जिला पूर्ति कार्यालय या तहसील में आने वाले आवेदनों का विवरण इस शीट पर दर्ज कर ऑयल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों और एजेंसी संचालकों के साथ साझा किया जाएगा, ताकि आवेदकों को समय पर सिलेंडर मिल सकें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग का तार्किक आंकलन किया जाए, क्योंकि अक्सर आयोजनों के लिए जरूरत से अधिक सिलेंडरों की मांग की जा रही है।
जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सभी गैस एजेंसियों पर हेल्प डेस्क और वाटर कूलर लगाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक एजेंसी पर सूचना बोर्ड (फ्लैक्स) प्रदर्शित होना चाहिए, जिस पर उपलब्ध स्टॉक और ई-केवाईसी की जानकारी अंकित हो। साथ ही, इन बोर्डों पर पूर्ति निरीक्षकों के नाम और मोबाइल नंबर भी लिखे जाएं ताकि शादी-विवाह हेतु व्यावसायिक सिलेंडर चाहने वाले लोग सीधे संपर्क कर सकें। यदि किसी एजेंसी पर भीड़ अधिक होती है, तो संचालक तत्काल क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक या पुलिस प्रशासन को सूचित करेंगे और अधिकारी मौके पर जाकर जनता को स्टॉक की उपलब्धता के प्रति आश्वस्त करेंगे। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने भी सभी संचालकों को बैकलॉग जल्द समाप्त करने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और विभिन्न ऑयल कंपनियों के विक्रय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


























