
हाथरस 10 अप्रैल । जनपद के आईटीआई, कौशल विकास मिशन और अन्य उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए रोजगार का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) हाथरस के प्रधानाचार्य रोहिताश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 13 अप्रैल 2026 को जनपद मुजफ्फरनगर के नुमाइश मैदान में एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस विशाल मेले में माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, विभागीय मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। मेले की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें देश की लगभग 200 प्रतिष्ठित कंपनियां शिरकत कर रही हैं, जो साक्षात्कार के माध्यम से 25,000 रिक्त पदों पर युवाओं का चयन करेंगी। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस आयोजन का विशेष आकर्षण यह रहेगा कि सर्वोत्तम पदों पर चयनित होने वाले शीर्ष 10 अभ्यर्थियों को स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा मंच से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। जनपद हाथरस के इच्छुक अभ्यर्थी अपने समस्त मूल प्रमाण पत्र, उनकी छायाप्रति, आधार कार्ड और फोटोग्राफ के साथ 13 अप्रैल को प्रातः 10 बजे तक मुजफ्फरनगर के नुमाइश मैदान में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। यह मेला उन युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा जो तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बाद एक बेहतर करियर की तलाश में हैं।


























