Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 26 मार्च । ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते वैश्विक तनाव का सीधा असर अब ग्रामीण अंचल की रसोई तक पहुँच गया है। कस्बा हसायन और देहात क्षेत्रों में एलपीजी घरेलू गैस की भारी किल्लत के चलते हाहाकार मचा हुआ है। पुरदिलनगर मार्ग स्थित गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं, जहाँ लोग भूखे-प्यासे अपनी खाली रिफिल बदलवाने के लिए घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। विमला देवी, माधुरी, अर्जुन और नरेंद्र सेंगर जैसे दर्जनों उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुक कराने के बावजूद वितरकों द्वारा पांच से छह दिन का अतिरिक्त समय देकर उन्हें टाल दिया जा रहा है, जिससे नवरात्रि के त्योहार के समय घर का चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है।

होम डिलीवरी बंद होने से बढ़ी मुसीबत, कालाबाजारी जोरों पर

क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बताया कि हसायन, सलेमपुर, सिताहरी और लाडपुर क्षेत्र में भारत गैस, इंडेन और एचपी की विभिन्न एजेंसियां संचालित हैं, लेकिन होम डिलीवरी की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो चुकी है। उपभोक्ताओं को 10 से 20 किलोमीटर दूर मैंडू, महों या सिकंदराराऊ जाकर खुद सिलेंडर लाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। इस संकट का फायदा उठाकर जमाखोर सक्रिय हो गए हैं। आरोप है कि देहात क्षेत्रों में घरेलू गैस की जमकर कालाबाजारी हो रही है और निर्धारित सरकारी दर से कहीं अधिक दामों पर सिलेंडर बेचे जा रहे हैं।

केवाईसी के नाम पर 236 रुपये की वसूली, उपभोक्ताओं में आक्रोश

गैस एजेंसी पर कार्यरत कर्मचारियों पर केवाईसी (KYC) के नाम पर अवैध धन उगाही के भी गंभीर आरोप लगे हैं। मोहल्ला अहीरान निवासी विशंभर सिंह यादव और हरीनगर के मनोज कुमार ने बताया कि होली पर बुक कराया गया सिलेंडर अभी तक नहीं मिला है, उल्टा एजेंसी पर केवाईसी कराने पहुंचने पर उनसे 236 रुपये की अवैध मांग की जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि कर्मचारी उनकी गैस डायरी जमा कर लेते हैं और धन देने के बाद ही काम आगे बढ़ाते हैं। कई उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की है कि उनकी बुक की गई रिफिल किसी और को रिलीज कर दी जा रही है।

शिकायत मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई: पूर्ति निरीक्षक

इस संबंध में सिकंदराराऊ के कार्यवाहक और सासनी पूर्ति निरीक्षक श्याम सिंह ने स्पष्ट किया कि केवाईसी (KYC) की प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है और इसके लिए कोई राशि निर्धारित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई एजेंसी संचालक या कर्मचारी केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली करता है, तो उसके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि ऐसी किसी भी वसूली की लिखित शिकायत विभाग में दर्ज कराएं। देहात क्षेत्रों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page