हाथरस 09 अप्रैल । नगर के लहरा रोड स्थित मोहता आयुर्वेद भवन की डायरेक्टर निवेदिता मोहता ने चार लोगों के खिलाफ चौथ वसूली का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि चार लोग उनकी फैक्ट्री के अंदर आए और उन्हें जान से मारने की धमकी दी, वहीं 5 लाख रुपए की चौथ भी मांगी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरा पक्ष इसे लेनदेन का विवाद बता रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मोहता आयुर्वेद भवन की डायरेक्टर निवेदिता मोहता पत्नी धर्मेंद्र कुमार मोहता निवासी औद्योगिक स्टेट ने हाथरस गेट कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा है कि उनकी कंपनी में आयुर्वेद की दवाई बनती हैं। 8 अप्रैल को वह फैक्ट्री के अंदर अपने ऑफिस में बैठकर काम कर रहीं थी। तभी 2:30 बजे के करीब चार लोग अंदर आए । निवेदिता मोहता ने बताया कि बांके भवन आगरा रोड निवासी हर्ष शर्मा उनकी फेक्ट्री में एमआर का काम करता था, जो कि बहुत पहले ही नौकरी छोड़कर जा चुका है। वह अपने साथ तीन लोगों को लेकर आया था और फैक्ट्री में घुस गया, वह सभी हथियारों से लैस थे। लोगों ने उनसे ₹5 लाख रुपए की चौथ वसूली की मांग भी की। न देने पर उन्हें एवं उनके बेटे राजवंश मोहता को जान से मारने की धमकी दी। निवेदिता मोहता का कहना है कि वह दिव्यांग है। इस घटना के बाद घबरा गई है, उन्होंने आशंका जताई कि उनके इकलौते पुत्र राजवंश को भी यह लोग नुकसान पहुंचा सकते हैं। इधर हर्ष शर्मा का कहना है कि वह 2016 से फैक्ट्री में बतौर सेल्समैन ने कार्य करता है। वह सैलरी व कमीशन पर कार्य करता था। उसने वित्तीय वर्ष 2024-25 में अप्रैल माह तक कार्य किया। उनके काम का कमीशन का हिसाब बना हुआ था, जिसे लेने के लिए वह फेक्ट्री गया था। चौथ वसूल के आरोप पूरी तरह से निराधार हैं।
























