
हाथरस 26 मार्च । चैत्र नवरात्र की दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर ‘इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस जागृति’ द्वारा नेहरू कॉलोनी स्थित देवी मंदिर में एक भव्य भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरुवार, 26 मार्च 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में क्लब की महिला सदस्यों ने माँ दुर्गा के स्वरूप कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया और भजन संध्या के माध्यम से वातावरण को धर्ममय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी की ज्योति प्रज्वलित कर और मधुर भजनों के साथ हुई, जिस पर उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे। इसके पश्चात क्लब की सदस्यों ने छोटी कन्याओं के पैर पखारकर उनका तिलक किया और उन्हें भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान क्लब की ओर से सभी बच्चों को आकर्षक उपहार और शिक्षण सामग्री वितरित की गई, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस पुनीत कार्य में क्लब अध्यक्ष मंजूलता वार्ष्णेय और सचिव मधुराज शर्मा के नेतृत्व में सभी सदस्यों का पूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मीनू अग्रवाल, सीजेआर गुंजन दीक्षित, रजनी आंधीवाल, सीमा वार्ष्णेय, पवन पचौरी, नीलम गुलाटी, रूपा अग्रवाल, सविता मित्तल और कीर्ति वार्ष्णेय सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने समाज की सुख-समृद्धि के लिए माँ भगवती से प्रार्थना की।

























