Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अप्रैल । मथुरा रोड स्थित गांव ओड़पुरा निवासी बीएसएफ जवान अजय कुमार का हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया। वह अपनी बटालियन के साथ पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जवान की मृत्यु की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में मातम छा गया है। जानकारी के अनुसार, ओड़पुरा निवासी अजय कुमार बीएसएफ की 134 बटालियन में जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। आगामी पश्चिम बंगाल चुनाव के मद्देनजर उनकी बटालियन को कोलकाता भेजा जा रहा था। मंगलवार को वह ट्रेन के जरिए अपनी बटालियन के साथ रवाना हुए थे। गुरुवार की सुबह ट्रेन में वह अचेत अवस्था में मिले। साथी जवान उन्हें तत्काल झारखंड के हजारीबाग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जवान अजय कुमार के निधन की खबर मिलते ही उनकी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। अजय कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ सैनिक थे और उनकी असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र ने अपना एक वीर सपूत खो दिया है। परिजनों के अनुसार, शहीद जवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार की सुबह करीब 9:00 बजे उनके पैतृक गांव ओड़पुरा पहुंचेगा। जिला प्रशासन और बीएसएफ के अधिकारियों की उपस्थिति में राजकीय और सैनिक सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। गांव के सैकड़ों लोग अपने जांबाज सिपाही के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page