
सासनी 09 अप्रैल । बेमौसम बारिश और भीषण ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं की फसल को हुए भारी नुकसान के विरोध में गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन ने तहसील परिसर में विशेष पंचायत और धरना प्रदर्शन किया। जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार (भोला सूर्यवंशी) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकजुट हुए किसानों ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नीरज शर्मा को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है। किसान पूरी तरह तबाह और बर्बाद हो चुका है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि प्रशासन तत्काल सभी प्रभावित क्षेत्रों का पारदर्शी तरीके से सर्वे कराए और किसानों को उनकी फसल का उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
किसानों ने प्रमुखता से यह मांग उठाई कि बारिश के कारण किसानों का जो गेहूं भीग गया है या उसकी गुणवत्ता प्रभावित हुई है, उसे सरकारी खरीद केंद्रों पर उचित दर पर खरीदा जाए। किसानों का कहना है कि यदि भीगे हुए अनाज की खरीद नहीं हुई तो वे अपना कर्ज नहीं उतार पाएंगे और परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो जाएगा। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से भोला सूर्यवंशी के साथ ब्लॉक अध्यक्ष मूलचंद बघेल, सुनील शर्मा (युवा ब्लॉक अध्यक्ष), शेरू पाठक (तहसील उपाध्यक्ष), शैलेंद्र कुमार (तहसील संगठन मंत्री), कपिल तोमर, योगेश बघेल, गगन ठाकुर, आशीष भारद्वाज, अभिषेक ठाकुर, अनिल यादव और जयप्रकाश सूर्यवंशी सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे। एसडीएम नीरज शर्मा ने किसानों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और उचित कार्यवाही हेतु उच्चाधिकारियों तक ज्ञापन पहुंचाने का आश्वासन दिया।























