
हाथरस 09 अप्रैल । थाना सहपऊ पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के गंदे नाले में मिले वेदप्रकाश उर्फ सोनू के शव की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना के दो मुख्य नामजद आरोपी फिलहाल फरार हैं। मृतक वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू (निवासी दिल्ली वाला मोहल्ला, कोतवाली नगर) की बहन नीतू शर्मा ने 7 अप्रैल को हाथरस गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वादिया के अनुसार, आरोपियों की नजर सोनू के मकान पर थी और उसे हड़पने की नीयत से 6 अप्रैल की रात उसकी हत्या कर दी गई। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सहपऊ क्षेत्र के एक गंदे नाले में फेंक दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा गठित 5 टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गुरुवार को शुभम उर्फ माइटी पुत्र राजकुमार गुप्ता (निवासी दिल्ली वाला चौक) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इस हत्याकांड में शामिल अन्य कड़ियां भी खुलकर सामने आईं। इस मामले में कमल और गौरव पुत्रगण हरीश शर्मा उर्फ कुल्लो पहलवान (निवासी दिल्ली वाला मोहल्ला, कोतवाली सदर) के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज है। ये दोनों सगे भाई घटना के बाद से ही फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। थाना प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा १०३(१), २३८ और ६१(२) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त शुभम को आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी सहपऊ मयंक चौधरी, एसओजी प्रभारी धीरज गौतम और उनके हमराही पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे कमल और गौरव को भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।






















