
हाथरस 26 मार्च । जनपद की एसओजी टीम और थाना सिकंद्राराऊ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह पूर्व ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालक के साथ हुई सनसनीखेज लूट की घटना का सफल अनावरण किया है। बुधवार को वरुतरखास के पास हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में दो बदमाश यश कसाना (निवासी गाजियाबाद) और विशाल (निवासी कासगंज) गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। वहीं, घेराबंदी के दौरान इनका तीसरा साथी विक्की (निवासी इटावा) भी दबोच लिया गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काली स्कॉर्पियो गाड़ी, तीन अवैध तमंचे, कारतूस और लूटे गए 50,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
उल्लेखनीय है कि बीती 18 मार्च को अमित कुमार अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी कासगंज-सिकंद्राराऊ रोड पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर रुपयों का थैला लूट लिया था। पुलिस अधीक्षक हाथरस, श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में गठित चार टीमों ने इस गुत्थी को सुलझाने के लिए अलीगढ़, मथुरा और बुलंदशहर सहित विभिन्न जनपदों के करीब 350 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। तकनीकी साक्ष्यों और ‘यक्ष ऐप’ के माध्यम से बदमाशों की पहचान सुनिश्चित की गई। पकड़े गए अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिनमें विशाल पर विभिन्न जनपदों में लूट और आर्म्स एक्ट के सात से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम की इस तत्परता और पेशेवर कार्यप्रणाली की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।

























