
हाथरस 08 अप्रैल । ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ‘मुख्यमंत्री परिवहन सेवा’ के तहत एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। शासन के निर्देशानुसार, अब बसें केवल मुख्य हाईवे तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि सीधे गांवों के भीतर तक पहुंचेंगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के पास से ही ब्लॉक मुख्यालय और जिला कलेक्ट्रेट तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना है। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायत से ब्लॉक और ब्लॉक से जिला मुख्यालय तक के अंदरूनी मार्गों का चयन किया जा रहा है। शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय कमेटी, जिसमें जिलाधिकारी (DM), मुख्य विकास अधिकारी (CDO), एआरटीओ (ARTO) और रोडवेज के अधिकारी शामिल हैं, इन मार्गों का स्थलीय सर्वेक्षण कर रही है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही राज्य परिवहन विभाग द्वारा बसों के परमिट जारी किए जाएंगे। हाथरस डिपो के प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि योजना को लेकर निजी बस संचालकों में काफी उत्साह है और अब तक 32 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा के लिए किराया निर्धारण ‘दूरी आधारित’ होगा। प्रत्येक गांव से ब्लॉक और कलेक्ट्रेट की वास्तविक दूरी के हिसाब से किराया तय किया जाएगा, जिससे यह सेवा किफायती और सुलभ बनी रहे।

























