सिकंदराराऊ (हसायन) 24 मार्च । कोतवाली क्षेत्र की सलेमपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम गिरधरपुर स्थित परिषदीय संविलियन विद्यालय को बीती रात अज्ञात अराजकतत्वों ने अपना निशाना बनाया। मंगलवार सुबह जब प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह और अन्य शिक्षक विद्यालय पहुँचे, तो परिसर का नजारा देखकर दंग रह गए। उपद्रवियों ने विद्यालय के ऑफिस का ताला तोड़ने का असफल प्रयास किया और परिसर में शिक्षा विभाग द्वारा स्थापित सरकारी संपत्ति के साथ जमकर तोड़फोड़ की। प्रधानाध्यापक ने तत्काल घटना की सूचना डायल 112 को दी, जिसके बाद पीआरवी वाहन पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया।
प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह ने बताया कि अराजकतत्वों ने विद्यालय की समरसेबल के वाल्व, टोंटी, पानी की टंकी, कुर्सियां और हैंडवॉश यूनिट सहित अन्य कीमती सामान को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में अवगत कराया कि विद्यालय में आए दिन इस प्रकार की घटनाएं और नुकसान हो रहा है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस घटना से विद्यालय के शिक्षक चंद्र प्रकाश, पंकज सिंह, रणवीर सिंह, राहुल कुमार, राजेश कुमार, सिंहपाल सिंह और विनोद कुमार काफी परेशान और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शिक्षकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय परिसर में हुड़दंग करने वाले अराजकतत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जाए।


























