Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 मार्च । बागला कॉलेज द्वारा दयानतपुर स्थित योग वेदांत आश्रम में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) विशेष शिविर का समापन दिनांक 24 मार्च 2026 को अत्यंत उत्साह एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। यह शिविर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महावीर सिंह छोंकर के निर्देशन एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंकिता, डॉ. विनय कुमार वर्मा तथा डॉ. ऋषिकांत के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संचालित हुआ। समापन समारोह में शिक्षा एवं समाज सेवा से जुड़ी अनेक जानी-मानी हस्तियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महावीर सिंह छोंकर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में हाथरस जिले की विधायिका आदरणीय श्रीमती अंजुला माहौर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. नीरज गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्राचार्य महोदय द्वारा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान मोमेंटो प्रदान कर किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती अंजुला माहौर ने अपने संबोधन में स्वयंसेवकों को सेवा भावना, राष्ट्रीय चेतना एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित किया। समारोह में महाविद्यालय के सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक सदस्य उपस्थित रहे और स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।

शिविर समापन के अवसर पर सहभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी स्वयंसेवक एवं अतिथि सहभागी बने। भोजन व्यवस्था का दायित्व देव कुमार, कुमकुम डाली एवं अन्य स्वयंसेवकों ने संभाला। मंच संचालन देवांशी एवं पूजा सरस्वती द्वारा किया गया, जबकि मंच सजावट में बबीता, मीनू एवं कविता तथा रंगोली निर्माण में रेनू, प्रियंका, शालू एवं बुलबुल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के संपूर्ण प्रबंधन का नेतृत्व बॉबी कुमार ने किया। शिविर के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष धूम रही, जिसमें सलोनी, हिमांशी एवं झलक द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं तथा राधा, नेहा, विमल एवं अन्य स्वयंसेवकों द्वारा ढोलक पर गीत प्रस्तुत किए गए। लोक नृत्य, देशभक्ति गीत एवं सामाजिक विषयों पर आधारित नाटकों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने “स्वयं से पहले सेवा” के संदेश को सजीव कर दिया। अंत में प्राचार्य डॉ. महावीर सिंह छोंकर द्वारा सभी स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए एवं उनके सेवा भाव की सराहना की गई। राष्ट्रगान के साथ सात दिवसीय NSS विशेष शिविर का औपचारिक समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page