
हाथरस 24 मार्च । विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘रामोत्सव’ अभियान के अंतर्गत उपखंड खाती खाना स्थित खंडेलवाल धर्मशाला में भव्य रामोत्सव कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विहिप, दुर्गावाहिनी और मातृशक्ति द्वारा समाज हित में किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संतोष खंडेलवाल ने की, जबकि संचालन जिला संयोजिका (मातृशक्ति) कामना शर्मा द्वारा किया गया।
विहिप के बैनर तले 15 मार्च से 30 मार्च तक पूरे जनपद में आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों की श्रृंखला में मातृशक्ति और दुर्गावाहिनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिला सह-संयोजिका (मातृशक्ति) कनक खंडेलवाल, जिला संयोजिका (दुर्गावाहिनी) महक रावत सहित रेखा खंडेलवाल, डिंपल खंडेलवाल, कामना, वाणी, कामनी एवं उपखंड की अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।


























