Hamara Hathras

Latest News

सासनी 23 मार्च । विकास खंड सासनी की ग्राम पंचायत समामई रूहल स्थित श्री दाऊजी गौशाला में गौवंशों के बेहतर संरक्षण हेतु वृहद टीन शेड निर्माण का शुभारंभ किया गया। सोमवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन किया। भूमि पूजन के उपरांत अतिथियों ने गौ-पूजन किया और गौवंशों को तिलक लगाकर व पुष्पमाला पहनाकर गुड़ खिलाया। इस दौरान विधायक और जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन टीन शेड व गौशाला की अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि यहाँ 100×63 फीट के विशाल टीन शेड का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे संरक्षित गौवंशों को मौसम की मार से राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स की एक अनूठी पहल चर्चा का विषय रही। टीन शेड के पिलर निर्माण में खराब हैंडपंपों के रीबोर से प्राप्त पुराने पाइपों का उपयोग किया जा रहा है। इस ‘नवाचार’ से निर्माण लागत में उल्लेखनीय कमी आई है। विधायक अंजुला सिंह माहौर ने जिलाधिकारी के इस प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और इसे सरकारी धन के सदुपयोग का उत्तम उदाहरण बताया।

गौशाला को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। खंड विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में यहाँ 183 गौवंश (173 मादा, 10 नर) संरक्षित हैं, जिनकी देखरेख 6 केयरटेकर कर रहे हैं। पेयजल हेतु समरसेबल, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। निरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने हेतु QR कोड आधारित व्यवस्था लागू की गई है। इसके माध्यम से किसी भी निरीक्षण की प्रविष्टि होते ही जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ऑनलाइन उसका अवलोकन कर सकेंगे। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सासनी, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान सहित तहसील और ब्लॉक स्तर के तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। एसडीएम सासनी ने भविष्य की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page