
हाथरस 07 अप्रैल । आगरा रोड स्थित प्रेम रघु आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में रविवार को ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस’ के अवसर पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन डॉ. पी.पी. सिंह, डिप्टी डायरेक्टर डॉ. भरत शर्मा एवं प्राचार्या डॉ. सरोज गौतम ने भगवान धनवन्तरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डिप्टी डायरेक्टर डॉ. भरत शर्मा ने कहा कि एक पूर्ण स्वस्थ जीवन के लिए केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का बेहतर होना भी अनिवार्य है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमें आयुर्वेद में वर्णित दिनचर्या, ऋतुचर्या और आहार-विहार का पालन करना चाहिए। ‘सदवृत्त’ यानी अच्छे आचरण को अपनाकर ही हम रोगों से मुक्त रह सकते हैं।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. पी.पी. सिंह ने सभी को विश्व स्वास्थ्य दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इसके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हर वर्ष 7 अप्रैल को WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने एक व्यापक दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि इस दिन का उद्देश्य केवल मानव स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें अपने पर्यावरण के पशु-पक्षियों और जानवरों के स्वास्थ्य का भी समान रूप से ध्यान रखना चाहिए। कार्यक्रम का कुशल संचालन चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग के समस्त शिक्षकगण, प्रशिक्षु (Interns) एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।


























