
हाथरस 07 अप्रैल । श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘वार्षिक खेल उत्सव’ का शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि भारतीय कोर्फबॉल टीम की पूर्व कप्तान एवं क्रीड़ा भारती की प्रमुख सदस्य श्रीमती रीना सिंह रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अध्यक्ष श्री पदम नारायण अग्रवाल ने की। छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती रीना सिंह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। वर्तमान में खेल की दुनिया में करियर के अपार अवसर मौजूद हैं।” छात्राओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने गौरव के साथ कहा कि महिलाओं को किसी बाहरी प्रेरणा की आवश्यकता नहीं होती, वे स्वयं एक प्रेरणा पुंज हैं। समारोह में छात्राओं ने योगा डेमोंस्ट्रेशन और मास डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अध्यक्ष पदम नारायण अग्रवाल ने शिक्षा के साथ-साथ खेलों की अनिवार्यता पर जोर दिया। सचिव प्रदीप गोयल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में खेल सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने का आश्वासन दिया। प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव ने टीम भावना के साथ खेलने का संदेश देते हुए कहा कि खेल उत्सव का उद्देश्य छात्राओं की छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. प्रियंका सरोज द्वारा किया गया। अंत में क्रीड़ा प्रभारी डॉ. बरखा भारद्वाज ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण ढंग से हुआ।


























