
सासनी 06 अप्रैल । भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम नीरज शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से क्षेत्र के किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा और शीघ्र मुआवजे की मांग की। ज्ञापन सौंपने से पूर्व तहसील परिसर में राजकुमार कौशिक की अध्यक्षता में किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन उमाशंकर बांगड़ ने किया। वक्ताओं ने कहा कि हाल ही में हुई प्राकृतिक आपदा ने गेहूं, मक्का, जौ और लाहा (सरसों) की फसलों को तहस-नहस कर दिया है। किसान पहले से ही कर्ज के बोझ तले दबा है, ऐसे में सरकार को तत्काल सर्वे कराकर राहत राशि जारी करनी चाहिए। बैठक में आलू उत्पादकों की दुर्दशा पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। किसान नेताओं ने कहा कि बाजार में आलू का उचित भाव न मिलने से किसान लागत भी नहीं निकाल पा रहा है। यूनियन ने मांग की है कि आलू उत्पादक कृषकों को 500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सब्सिडी दी जाए और सरकार 1000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू की सरकारी खरीद सुनिश्चित करे। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने घोषणा की कि किसानों की इन ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए आगामी 13 अप्रैल को लखनऊ के ईको गार्डन में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुँचने का आह्वान किया। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से श्रीपाल सिंह, राजबाला, योगेश कुमार, वीरी सिंह, नीलम, धर्मेंद्र, मनोज कुमार सहित भारी संख्या में यूनियन के कार्यकर्ता और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।






















