
हाथरस 23 मार्च । भगवान परशुराम रथयात्रा महोत्सव के पावन अवसर पर रविवार रात बुर्ज वाला कुआं स्थित भगवान परशुराम चौक भक्ति और उत्साह के संगम का केंद्र बन गया। यहाँ आयोजित ‘विराट रसिया मुकाबले’ में दो प्रमुख अखाड़ों के बीच सुरों, तर्कों और कलात्मक शैली की जोरदार टक्कर देखने को मिली, जिसने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।
दो अखाड़ों के बीच रहा कड़ा मुकाबला, बराबरी पर छूटा दंगल
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ‘योगा पंडित’ ने दोनों अखाड़ों के उस्तादों का हाथ मिलवाकर कराया। रसिया दंगल में मनोज-विजेंद्र शर्मा अखाड़ा (खिच्चोमल आटे वाले, अटल टाल) और रामवीर सिंह प्रधान अखाड़ा (विप्र चंदो लाला डल्लावरी) आमने-सामने रहे। दोनों अखाड़ों के गायकों ने अपनी-अपनी विशिष्ट शैली में भगवान परशुराम के जीवन और वीरता का भव्य गुणगान किया। गायकों के बीच हुए तर्क-वितर्क और सुरीले प्रहारों ने माहौल को रोमांचकारी बना दिया। अंततः निर्णायकों ने दोनों अखाड़ों के प्रदर्शन को सराहते हुए परिणाम ‘बराबरी’ पर घोषित किया।
समाजसेवियों का हुआ सम्मान
रसिया दंगल से पूर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा रथयात्रा में अभूतपूर्व सहयोग देने वाले समाजसेवियों और सहयोगियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया गया। सम्मान समारोह का कुशल संचालन महासभा के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी बौहरे प्रशांत शर्मा ने किया। अतिथियों ने समाज की एकता और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने पर जोर दिया।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ बसपा नेता एवं आरपीएम ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. अरविंद शर्मा, वरिष्ठ सपा नेता धीरज पांडे और गजेंद्र उपाध्याय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन महासभा के उपाध्यक्ष बालकिशन शर्मा ‘बालू गुरु’ ने किया। समारोह में संजय शर्मा (बीबीसीएन), जय शर्मा, तरुण शर्मा, राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी, अमीकांत शर्मा, मदन मोहन गौड़, सत्य प्रकाश रंगीला, डॉ. विकास शर्मा, नरेंद्र तिवारी, अभिषेक ट्रांसपोर्ट, विशाल सारस्वत, सुशील गौड़, संजीव उपाध्याय, दिलीप उपाध्याय, सचिन, करण शर्मा, मयंक शर्मा, प्रतीक शर्मा, उदित शर्मा सहित भारी संख्या में विप्र समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।


























