
हाथरस 23 मार्च । समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सोमवार को महान समाजवादी चिंतक और स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. लोहिया का पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता और पिछड़ों व वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष का प्रतीक रहा है। उन्होंने ‘सप्त क्रांति’ का जो विचार दिया था, वह आज भी प्रासंगिक है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी उन्हीं के सिद्धांतों पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्य रूप से देवेंद्र कुशवाहा, मोहर सिंह, बनी सिंह बघेल, अजय सिकवार, सतेंद्र यादव, अनुज उपाध्याय, चिराग वार्ष्णेय, रवेन्द्र प्रजापति, जितेंद्र सिंह, कालीचरण एवं पुष्पेंद्र बघेल सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


























