
हाथरस 06 अप्रैल । स्थानीय श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में आज ‘मिशन शक्ति’ फेज-5 (लेवल-2) के अंतर्गत महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव के मार्गदर्शन एवं नोडल प्रभारी डॉ. अंजु आर्य के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और उनके बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता गृह विज्ञान विभाग की प्रो. रंजना सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए एनीमिया (खून की कमी) और कुपोषण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार और बेहतर पोषण के माध्यम से इन समस्याओं को दूर किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने सेनेटरी पैड की उपयोगिता और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया।
बढ़ते पीसीओएस (PCOS) और कैंसर पर चर्चा
प्रो. सिंह ने महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे सर्वाइकल कैंसर के कारणों और उससे बचाव के उपायों के बारे में छात्राओं को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि आजकल की बदलती जीवनशैली, तनाव और गलत खान-पान के कारण किशोरियों में हार्मोनल असंतुलन, विशेषकर पीसीओएस (PCOS) की समस्या तेजी से बढ़ रही है। सही समय पर जानकारी और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर इन बीमारियों से बचा जा सकता है। इस जागरूकता अभियान में महाविद्यालय की 92 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर समिति की सदस्य डॉ. अमृता सिंह, डॉ. शशि समेत महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
























