Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 अप्रैल । दहेज लोभियों की प्रताड़ना का एक और क्रूर मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहिता को अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी देकर घर से बाहर फेंक दिया गया। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव भटेला निवासी अनीता ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता अनीता की शादी 29 जून 2020 को प्रमोद निवासी हंसगंज (थाना यमुनापार, मथुरा) के साथ रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। अनीता की मां रामढकेली ने बताया कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में चार लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण सहित काफी कीमती सामान दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर अनीता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। अनीता का आरोप है कि 20 जनवरी 2025 को ससुराल वालों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने उसे जबरन गाड़ी से धक्का देकर घर से निकाल दिया और स्पष्ट कह दिया कि जब तक वह अपने मायके से अतिरिक्त धन की मांग पूरी नहीं कराती, तब तक उसे घर में कदम नहीं रखने दिया जाएगा। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। बेसहारा होकर मायके पहुँची पीड़ित बेटी के साथ उसकी मां ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर पति प्रमोद व अन्य ससुरालियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page