सिकंदराराऊ (हसायन) 05 अप्रैल । कस्बा के बांण अब्दुलहईपुर मार्ग स्थित मोहल्ला किशन (वार्ड संख्या पांच) के प्राचीन श्री बलभद्र दाऊजी मंदिर परिसर में ‘राम जन्मोत्सव’ के पावन अवसर पर भव्य रामोत्सव कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और स्थानीय श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘ॐ’ महामंत्र की स्वर ध्वनि और भगवान श्री राम के जयकारों के साथ हुआ। राम नाम के जाप से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जिला संगठन मंत्री देवराज कर्मयोगी ने भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक समरसता के महत्व को समझाते हुए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सेवा कार्यों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। विहिप नेता राहुल वार्ष्णेय ने अपने संबोधन में बताया कि 15 मार्च से 5 अप्रैल तक पूरे हाथरस जिले के प्रत्येक प्रखंड में रामोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जिले का प्रत्येक खंड ‘राममय’ बनेगा और जन-जन तक भगवान राम के आदर्शों को पहुँचाया जाएगा। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष बसंत कुमार वर्मा, नगर कार्यवाह आशीष गुप्ता, ललित द्विवेदी (जिला सह साप्ताहिक मिलन प्रमुख), जयंत चौधरी (प्रांत कार्यकारी सदस्य), विनोद कुशवाहा, और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से बॉबी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में किशन पौरुष, रमेश, कन्हैया, तरुण, शेखर गुप्ता, नितिन, विकास, मुकुल, और कन्हैया लाल सहित बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।