Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 अप्रैल । थाना सिकंदराराऊ पुलिस ने क्षेत्र के ग्राहक सेवा केंद्र (GSC) संचालक से हुई स्कॉर्पियो सवार बदमाशों द्वारा लूट की घटना में वांछित चल रहे एक और अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से बचे हुए 4000 रुपये नगद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही चार अभियुक्तों को जेल भेज चुकी है। विगत 18 मार्च 2026 को ग्राम टटी डण्डिया निवासी अमित कुमार अपने ‘माँ अम्बे ग्राहक सेवा केंद्र’ से दुकान बढ़ाकर घर लौट रहे थे। तभी कासगंज-सिकंद्राराऊ रोड पर डुकरिया बंबा के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया और रुपयों से भरा थैला छीनकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सिकंद्राराऊ पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में गठित टीमों ने इस घटना का पूर्व में ही सफल अनावरण कर दिया था। 25 मार्च को मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश और 27 मार्च को एक अन्य आरोपी भोला उर्फ सुखवेंद्र को जेल भेजा जा चुका था। इसी क्रम में शनिवार, 4 अप्रैल 2026 को पुलिस ने जलेसर रोड स्थित नूरानी मस्जिद के पास से घटना में वांछित चल रहे रोहित नागर पुत्र मदन नागर (निवासी अच्छेजा, गौतमबुद्धनगर) को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त रोहित नागर के कब्जे से लूट के पैसों में से शेष बचे 4000 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, रोहित नागर का पुराना अपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ जनपद गौतमबुद्धनगर के लोनी थाने में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page