
हाथरस 01 अप्रैल । थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के एक गांव में दबंग पड़ोसी के हौसले बुलंद हैं, जहाँ एक महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके पति पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार, उसका पति और जेठ बाहर नौकरी करते हैं और वह घर पर अपने सास-ससुर व अन्य परिजनों के साथ रहती है। आरोप है कि पड़ोसी का बेटा अरविंद पिछले कई वर्षों से उस पर गलत नीयत रखता था और अक्सर अश्लील इशारे व छेड़खानी करता था। लोकलाज के भय से पीड़िता ने लंबे समय तक चुप्पी साधे रखी, लेकिन पानी सिर से ऊपर जाने पर जब उसने परिजनों को आपबीती सुनाई, तो विवाद और बढ़ गया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसके परिजनों ने आरोपी के घर जाकर शिकायत की, तो दबंगों ने दो बार उसके परिवार के साथ मारपीट की, जिसकी एनसीआर थाना सिकंदराराऊ में उसके देवर द्वारा दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं और उसने घर में घुसकर दुस्साहस किया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के पति पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता ने अब जिले के आलाधिकारियों से गुहार लगाई है कि लगातार मिल रही धमकियों और शारीरिक उत्पीड़न से उसे व उसके परिवार को निजात दिलाई जाए और दोषियों को जेल भेजा जाए।


























