Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 अप्रैल । नगर में अमृत-2 योजना के तहत जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। कार्य की धीमी गति और अधूरे मरम्मत कार्य के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग से सब्जी मंडी, डाकखाना रोड होते हुए सर्वोदय नगर जाने वाले मार्ग पर पाइपलाइन डालने के बाद खोदे गए गड्ढे अब यातायात जाम का प्रमुख कारण बन गए हैं। लगभग दो महीने पहले इस मार्ग पर पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो गया था, लेकिन सड़क को समतल नहीं किया गया। करीब चार दिन पहले गड्डों को भरने के बजाय उनमें से मिट्टी निकाल दी गई, जिससे सड़क की स्थिति और बिगड़ गई। इसके बाद से अब तक सीमेंटेड मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिसके परिणाम स्वरूप सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्डों में बाजार आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के पहिए अक्सर फंस जाते हैं, जिससे बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे इसी कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। कई वाहनों के पहिए गड्डों में धंसने से लगभग आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस जाम के दौरान बाजार में खरीदारी करने आए लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि यह मार्ग बाजार का एक अत्यंत व्यस्त रास्ता है, जहां दिनभर ग्राहकों और वाहनों की आवाजाही रहती है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि अधूरी सड़क मरम्मत के कारण न केवल जाम लग रहा है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। उनके अनुसार, कई बार बाइक सवार असंतुलित होकर गिरने से बाल-बाल बचे हैं। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पाइप लाइन कार्य के बाद बने गड्डों को तत्काल समतल कर सीमेंटेड सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को जाम और अन्य परेशानियों से राहत मिल सके। चल निगम के अवर अभियंता राजकुमार यादव ने बताया कि इन गड्डों को कल तक बंद कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page