सादाबाद 01 अप्रैल । आज आरती गांव में ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सुल्तान अहमद ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का आगाज किया। यह रैली मॉडल प्राइमरी स्कूल आरती के संयोजन में निकाली गई। रैली में बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गांव की प्रमुख गलियों से गुजरते हुए बच्चों ने शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले नारे लगाए।
रैली को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी सुल्तान अहमद ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पूरे ब्लॉक में व्यापक स्तर पर ‘स्कूल चलो अभियान’ चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि परिषदीय स्कूलों में बेहतर शैक्षिक वातावरण, प्रशिक्षित शिक्षक, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म और मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मुन्ने खां और एसएमसी अध्यक्ष रामकिशन ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा को बच्चों के जीवन की दिशा तय करने वाला बताते हुए अभिभावकों से बच्चों का नामांकन स्कूल में कराने का आग्रह किया।
रैली के समापन के बाद विद्यालय में नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के पहले ही दिन बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को नए सत्र में मन लगाकर पढ़ाई करने और नियमित उपस्थिति बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के मुकेश कुमार, मुरारी लाल, योगेन्द्र सिंह, कल्पना, शिखा, अनुपमा सहित देवेंद्र उपाध्याय, ब्रजबहादुर सिंह, गीतम सिंह और लक्ष्मीनारायण आदि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस अभियान को शिक्षा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।


























