Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 अप्रैल । क्षेत्र के गांव तसींगू में एक परिवार पर देर रात जानलेवा हमला किया गया। पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने घर पर फायरिंग की, जिसमें गोली लोहे के फाटक में जा धंसी। घटना के बाद परिवार में दहशत फैल गई। पीड़ित अमर सिंह पुत्र बसंतलाल ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 19-20 मार्च की मध्यरात्रि करीब एक बजे चार पहिया वाहन उनके घर के सामने रुका। वाहन से उतरे सूरज पुत्र श्यामवीर, श्यामवीर और रामवीर पुत्रगण बाबूलाल ने अपना चेहरा ढका हुआ था। उन्होंने फाटक पीटकर अमर सिंह को बाहर बुलाया।अमर सिंह के अनुसार, जैसे ही वह नींद से जागकर फाटक खोलने पहुंचे, सूरज ने अवैध तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। अमर सिंह फाटक की ओट में होने के कारण बाल-बाल बच गए, जबकि गोली फाटक में जा लगी।

फायरिंग की आवाज सुनकर अमर सिंह की पत्नी पूजा, धर्मवीर और अन्य परिजन मौके पर आ गए, जिन्होंने घटना देखी। पीड़ित का दावा है कि उसने आरोपियों को उनकी कद-काठी और कपड़ों से पहचान लिया। घटना के समय कार में दो से तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। अमर सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी उनसे लंबे समय से रंजिश रखते हैं। इसी रंजिश के चलते 12 मार्च 2026 की शाम करीब 6:30 बजे भी उनके साथ मारपीट और जानलेवा हमला किया गया था। इस संबंध में थाना सादाबाद में पहले ही रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खोखा कारतूस कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page