
हाथरस 01 अप्रैल । जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलीगढ़ रोड स्थित विभिन्न फास्ट फूड प्रतिष्ठानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने स्टार क्रस्ट, टपरी कैफे, हॉट स्पाइसी फास्ट फूड और हॉट पिज़्ज़ा किंग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने विशेष रूप से फास्ट फूड में इस्तेमाल होने वाले मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG) की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाई गई, जिसके आधार पर संचालकों को सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य मानकों के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। इस सचल टीम में ओमकार कुशवाहा, सुरेंद्र कुमार गोंड, डॉ. विकास, करतार सिंह और पारुल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

























