
हाथरस 01 अप्रैल । जायंट्स ग्रुप ऑफ डायमंड हाथरस एवं कोहिनूर ग्रुप द्वारा समाज सेवा के अंतर्गत एक सराहनीय पहल करते हुए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बगला स्कूल के सामने आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक जरूरतमंद लोगों ने भाग लेकर लाभ उठाया। शिविर में विशेष रूप से उन लोगों की आंखों की जांच की गई, जिन्हें देखने में कठिनाई हो रही थी या जो नेत्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। इस दौरान प्रख्यात नेत्र विशेषज्ञ डॉ. दीपक सेंगर (बागला कॉलेज के पास) द्वारा मरीजों की गहन जांच की गई। उन्होंने मरीजों को उनकी समस्या के अनुसार उचित परामर्श दिया तथा समय पर इलाज के महत्व के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया, जिससे उन्हें तुरंत राहत मिल सके। कार्यक्रम के दौरान लोगों को आंखों की नियमित जांच, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे वे भविष्य में गंभीर नेत्र रोगों से बच सकें। इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती प्रभा वार्ष्णेय, कोहिनूर ग्रुप की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति कुशवाह, सचिव श्रीमती आशु वार्ष्णेय, श्रीमती मुक्ति जैन, श्रीमती गीता अग्रवाल, श्रीमती रूबी अग्रवाल, श्रीमती अंजू वार्ष्णेय, श्रीमती ईशा वार्ष्णेय सहित अन्य गणमान्य महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने इस सामाजिक कार्य को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

























