
हाथरस 22 मार्च । हाथरस में सासनी कोतवाली क्षेत्र के विजयगढ़ रोड पर स्थित ‘मिलन’ नाम के एक ओयो होटल में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के काले कारोबार का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जिसमें होटल के भीतर लड़कियों की ‘रेट’ और ‘समय’ को लेकर सरेआम सौदेबाजी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल को बंद करा दिया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति होटल के भीतर खड़ा होकर बेखौफ अंदाज में लड़कियों की पेशकश करता नजर आ रहा है। वीडियो में न केवल अनैतिक देह व्यापार की पुष्टि हो रही है, बल्कि शारीरिक संबंधों के तरीके, लड़कियों के रेट और समय सीमा को लेकर भी खुलेआम मोलभाव किया जा रहा है। इस वीडियो ने यह साफ कर दिया है कि किस तरह शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित यह होटल युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर ‘अय्याशी का अड्डा’ बना हुआ था।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
इस तरह की अनैतिक गतिविधियों के सामने आने से स्थानीय निवासियों में गहरा रोष है। लोगों का आरोप है कि ओयो होटलों की आड़ में लंबे समय से यह धंधा फल-फूल रहा था। स्थानीय नागरिकों ने ऐसे सभी होटलों की सघन चेकिंग और संचालकों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।
होटल बंद, पूछताछ शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित होटल को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। वीडियो में दिख रहे व्यक्तियों और होटल प्रबंधन से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।


























