
सासनी 22 मार्च । एक ओर जहाँ सरकार ‘पढ़ेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया’ का नारा दे रही है, वहीं सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विद्यापीठ इंटर कॉलेज के पास एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि स्कूल के ठीक सामने वाली गली में एक कमरे के अंदर सट्टे का कारोबार धड़ल्ले से संचालित किया जा रहा है, जिससे इलाके का शैक्षणिक माहौल प्रदूषित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि इस सट्टा नेटवर्क की सक्रियता का सबसे बुरा असर स्कूल जाने वाले छात्रों और स्थानीय युवाओं पर पड़ रहा है, जो धीरे-धीरे इस दलदल की ओर आकर्षित हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस सट्टा अड्डे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इलाके के संभ्रांत नागरिकों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध कारोबार को बंद नहीं कराया गया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।






















