
हाथरस 22 मार्च । विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल हाथरस के तत्वावधान में आगरा मार्ग स्थित सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जनपद के विभिन्न कोनों से आई टीमों ने इस पारंपरिक खेल में अपनी शक्ति और चातुर्य का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) श्री रामानंद कुशवाहा, विशिष्ट अतिथि श्री अनिल सिसोदिया (प्रधान) और कार्यक्रम अध्यक्ष श्री शरद तिवारी ने भारत माता, भगवान श्री राम एवं हनुमान जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित व दीप प्रज्वलित कर किया। संगठन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत पीत वस्त्र, पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एएसपी रामानंद कुशवाहा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक सौष्ठव के लिए नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। विशिष्ट अतिथि अनिल सिसोदिया ने ऐसे आयोजनों को सामाजिक समरसता के लिए प्रेरणादायक बताया। विद्यालय के अध्यक्ष शरद तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि कबड्डी जैसे प्राचीन भारतीय खेल सामूहिक सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं। मैदान पर हुए कांटे के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल दिखाया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद विजेता टीम को 3100/- रुपये और उपविजेता टीम को 2100/- रुपये का नकद पुरस्कार, ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन तरुण शर्मा द्वारा किया गया। आयोजन में विभाग संगठन मंत्री उमाकांत, विभाग संयोजक बजरंग दल हर्षित गौड़, जिला संगठन मंत्री देवराज, प्रधानाचार्य देवेश समाधिया, नरेश प्रधान, श्याम प्रधान सहित विहिप और बजरंग दल के जिला व नगर स्तरीय पदाधिकारी गोपाल कृष्ण शर्मा, प्रवीण खंडेलवाल, अमरदीप, अनमोल अग्निहोत्री, किशन भारती, छोटू राणा, शिवम शर्मा, चेतन यादव, तरुण शर्मा, राजीव सिंह, विजय गुप्ता, प्रशांत खंडेलवाल, लक्ष्मण दीक्षित, नैतिक शर्मा, प्रिंस अरोड़ा, हर्ष चौहान, दृश्य उपाध्याय, हिमांशु उपाध्याय और ललित चौधरी का विशेष सहयोग रहा।

























