Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 मार्च । उत्तर प्रदेश सरकार के नव-निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘सशक्त समाज’ की एक नई इबारत लिखी गई। हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (हडको) के सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत दिव्यांगजनों हेतु ‘निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह’ का भव्य आयोजन मा० सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। आगंतुक अतिथियों का स्वागत बुके एवं शॉल भेंट कर किया गया।

समारोह में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए 251 चिन्हित दिव्यांग लाभार्थियों को कुल 491 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, हाथ वाली ट्राईसाइकिल, बैसाखी, वॉकर और श्रवण यंत्र (Hearing Aid) शामिल रहे। इन उपकरणों के वितरण का उद्देश्य दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन को सुगम बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस अवसर पर केवल दिव्यांगजन ही नहीं, बल्कि जनपद का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और अन्नदाताओं को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए गए, वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थी कृषकों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कृषि, उद्यान और मत्स्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं की प्रगति जांची।

सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने ‘विकलांग’ शब्द को ‘दिव्यांग’ में बदलकर उन्हें समाज में सम्मान और आत्मविश्वास दिया है। ₹64 लाख की धनराशि से उपलब्ध कराए गए ये उपकरण हमारे भाइयों-बहनों को आत्मनिर्भर बनाएंगे। जो पात्र व्यक्ति छूट गए हैं, उनके लिए पुनः कैंप लगाकर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने कहा कि कॉर्पोरेट कंपनियों के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम अंत्योदय के संकल्प को सिद्ध कर रहा है। विधायक वीरेंद्र सिंह राणा व अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज के सम्मानित अंग हैं। वितरित उपकरण उनकी कार्यक्षमता बढ़ाएंगे और जीवन को सरल बनाएंगे। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि दिव्यांगजनों का संघर्ष समाज के लिए प्रेरणा है। जिला प्रशासन हर पात्र व्यक्ति को योजना से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी समस्या के लिए दिव्यांगजन सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (CDO), जिला विकास अधिकारी (DDO), जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, एलएमको (ALIMCO) के प्रतिनिधि, सांसद प्रतिनिधि सहित भारी संख्या में लाभार्थी और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page