Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 मार्च। जनपद में तेजी से बढ़ते ई-रिक्शा संचालन से उत्पन्न यातायात अव्यवस्था और सुरक्षा चुनौतियों को गंभीरता से लेते हुए हाथरस पुलिस ने एक व्यापक और प्रभावी अभियान की शुरुआत की है। अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानंद कुशवाहा ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में समस्त थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में संचालित सभी ई-रिक्शाओं का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। इस प्रक्रिया में वाहन पंजीयन, चेसिस-इंजन नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार विवरण, मोबाइल नंबर, पता, बीमा, फिटनेस सहित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।

इस अभियान के तहत बिना सत्यापन या फर्जी कागजों के संचालित ई-रिक्शाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए नगर क्षेत्र में निर्धारित रूट और स्टैंड लागू किए जाएंगे, ओवरलोडिंग पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी तथा नाबालिग चालकों के वाहन चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस प्रशासन द्वारा प्रत्येक थाना स्तर पर ई-रिक्शाओं का डिजिटल डाटाबेस भी तैयार किया जाएगा, जिससे निगरानी और कार्रवाई में तेजी लाई जा सके।

अभियान की खास बात यह है कि सत्यापन के बाद प्रत्येक ई-रिक्शा को एक यूनिक QR कोड जारी किया जाएगा, जिसे वाहन पर अनिवार्य रूप से लगाया जाएगा। इस QR कोड को स्कैन कर वाहन और चालक की पूरी जानकारी तुरंत प्राप्त की जा सकेगी, जिससे फर्जी संचालन पर रोक लगेगी, अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी और आमजन को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिलेगा। हाथरस पुलिस ने सभी ई-रिक्शा संचालकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करते हुए समय से सत्यापन कराएं और नियमों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि जिले में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page