Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 मार्च । थाना मुरसान क्षेत्र के गांव बिशुनदास से पिछले एक सप्ताह से लापता युवक रितेश उर्फ छोटू (पुत्र सुग्रीव सिंह) का शव शनिवार को करवन नदी में क्षत-विक्षत हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने अज्ञात बदमाशों पर अपहरण कर निर्मम हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। शव की स्थिति देख ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, रितेश 13 मार्च की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर 14 मार्च को पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। शनिवार को गांव के निकट नदी में रितेश का शव उतराता हुआ मिला। मृतक के चचेरे भाई मनोज कुमार का आरोप है कि रितेश की हत्या बेहद क्रूरता से की गई है; उसके पैर बंधे हुए थे, चेहरा तेजाब से जलाया गया था और पहचान मिटाने के लिए हाथ पर गुदा हुआ नाम भी काटकर हटा दिया गया था। परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर मामले को गंभीरता से न लेने का भी आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ हाथरस योगेंद्र कृष्ण नारायण, मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी और चंदपा पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और फॉरेंसिक साक्ष्यों व परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page