Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 21 मार्च । विकासखंड क्षेत्र में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। कस्बे सहित ग्रामीण अंचलों की मस्जिदों और ईदगाहों में अकीदतमंदों ने इस्लामिक रीति-रिवाजों के अनुसार नमाज अदा की। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासनिक अमला और कोतवाली पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। कस्बा हसायन के अब्दुलहईपुर मार्ग स्थित मुख्य ईदगाह पर जामा मस्जिद के इमाम मौलाना फरीद निजामी ने कुरान-ए-शरीफ की आयतें पढ़कर नमाज संपन्न कराई और मुल्क की तरक्की व सलामती की दुआ मांगी। नमाज के उपरांत भाईचारे की अनुपम मिसाल देखने को मिली, जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद दी। नगरिया पट्टी देवरी में पूर्व प्रधान हनीफ खां ने जरूरतमंदों की सहायता कर खुशियां बांटीं, वहीं धर्मपुर नगरिया में ऑल इंडिया मुस्लिम मेव महासभा के पदाधिकारी नवीशेर ने भी लोगों को बधाई दी। राजनीतिक और सामाजिक सौहार्द की झलक तब दिखी जब भाजपा नेता गौरव सिसौदिया, पूर्व चेयरमैन सेठ ओमप्रकाश यादव, जानिब हसन, सभासद अंकुर शर्मा और मोरमुकुट कुशवाहा ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। कस्बे के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों जैसे कानऊ, हैथा रघुनाथपुर, नगरिया पट्टी देवरी, असोई, फतेहपुर बझेड़ा, सूसामई, धुबई और बकायन में भी पूरी अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। धुबई में हाफिज जफर अली और रघुनाथपुर में मोहम्मद तहजीब ने देश में अमन-चैन की दुआएं कराईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान एसडीएम, सीओ और कोतवाली प्रभारी के साथ सलेमपुर व जरेरा पुलिस चौकी की टीमें चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहीं, जिससे सभी आयोजन निर्विघ्न संपन्न हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page