
हाथरस 30 मार्च । जेसीआई हाथरस विक्ट्री द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत ‘शिक्षा दान, महादान’ मुहिम का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत संस्था के सदस्यों द्वारा बड़ी मात्रा में उपयोगी किताबें एकत्रित की गई हैं। इन एकत्रित पुस्तकों को एक स्थानीय सामाजिक संस्था को सौंपा गया है, जो इन्हें उन जरूरतमंद बच्चों तक पहुँचाने का कार्य करेगी जो आर्थिक अभाव के कारण नई पुस्तकें खरीदने में असमर्थ हैं। जेसीआई हाथरस विक्ट्री के पदाधिकारियों ने बताया कि यह इस मुहिम की मात्र एक शुरुआत है। आने वाले समय में विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्कूल बैग, स्टेशनरी और शिक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण भी यथासंभव जारी रखा जाएगा। संस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संसाधनों की कमी किसी भी होनहार छात्र की पढ़ाई में बाधा न बने। इस पुनीत कार्य में संगठन के सभी सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।


























