
हाथरस 21 मार्च । अलीगढ़ रोड स्थित दयानतपुर गांव में संचालित एक समरसेबिल फैक्ट्री में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नामचीन ब्रांडों के नकली समरसेबिल और उपकरणों का जखीरा बरामद किया है। मामला तब खुला जब कासगंज के एक हार्डवेयर व्यापारी से 20 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर संचालक समेत कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, कासगंज के एक हार्डवेयर व्यापारी ने दयानतपुर स्थित इस फैक्ट्री संचालक को समरसेबिल की बड़ी खेप का ऑर्डर दिया था। इसके एवज में व्यापारी ने 20 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। रुपये मिलते ही निर्माता ने माल की डिलीवरी रोक दी और अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। परेशान होकर जब व्यापारी फैक्ट्री पहुँचा, तो आरोपी उसे दिनभर गुमराह करता रहा और बाद में मौके से गायब हो गया। ठगी का अहसास होते ही व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी।
फैक्ट्री में मिला नकली ब्रांडों का जखीरा
सूचना मिलते ही थाना हाथरस गेट पुलिस जब फैक्ट्री पहुँची, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। फैक्ट्री के अंदर जिंदल, किसान और अपोलो जैसी नामचीन कंपनियों के नाम पर नकली समरसेबिल तैयार की जा रही थीं। जांच में पता चला कि पुरानी और कबाड़ हो चुकी समरसेबिलों को नया रंग-रूप देकर उन पर ब्रांडेड कंपनियों के स्टिकर और मोहर लगाकर बाजार में खपाने की तैयारी थी। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में डुप्लीकेट सामान बरामद किया है।
पुलिस की कार्रवाई और सीलिंग
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री में ताला डलवा दिया है और फैक्ट्री संचालक व कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। ठगी के शिकार व्यापारी की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इलाके में इस बड़े फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस जालसाज निर्माता के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई करता है।






















