
हाथरस 30 मार्च । अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन द्वारा जलेसर रोड स्थित अक्रूर कॉलोनी में आयोजित श्रीमद् भागवत साप्ताहिक कथा के दौरान भक्ति की अविरल धारा बह रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य व्यास गोकुल रमणरेती से पधारे आचार्य ब्रजकिशोर महाराज जी का संगठन के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों द्वारा भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया। उपस्थित जनसमूह ने महाराज जी को माल्यार्पण कर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव ललितेश गुप्ता और राष्ट्रीय संगठन मंत्री योगेश वार्ष्णेय ‘शानू’ ने कहा कि महासंगठन सदैव धार्मिक और सामाजिक एकता के कार्यों में अग्रणी रहता है और ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला मोर्चा की श्रीमती कृष्णा गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव तरुण पंकज, जिलाध्यक्ष लोकेश अग्रवाल, युवा जिलाध्यक्ष मोहन वार्ष्णेय तथा अमिनेष वार्ष्णेय सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा श्रवण के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा और भक्तों ने धर्म लाभ उठाया।






















